नगर के डोमनपुरा में स्थापित माँ दुर्गा प्रतिमा। संवाद
मऊ। शारदीय नवरात्र के समाप्ति के साथ ही 20 अक्तूबर मंगलवार की रात श्री दुर्गा पूजा महासमिति के नेतृत्व में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच नगर से निकाला जाएगा। जयकारों के बीच 21 अक्तूबर बुधवार की सुबह नगर के भीटी स्थित विसर्जन घाट पर 58 प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की तैनाती रहेगी।
श्री दुर्गा पूजा महासमिति के महामंत्री मयंक मद्धेशिया ने बताया की मंगलवार को दशहरा का आयोजन होने के बाद रात में समिति से जुड़ी सभी 58 प्रतिमाओं को फूलों से सजे रथ पर लेकर नगर के शीतला माता धाम स्थित एक मैदान पर लाया जाता है। यहीं पर सारी प्रतिमाएं एकत्रित होती हैं। जहां से हर प्रतिमा पर नंबर अंकित करते हुए उसे बाईपास रोड पर आगे बढ़ाया जाएगा। सभी प्रतिमाओं पर नंबर लगाने के बाद नगर के मिर्जाहादीपुरा से मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस औरंगाबाद, बल्लीपुरा, संस्कृत पाठशाला, राजपुताना, घास बाजार, गोला बाजार, सदर चौक, रौजा बाजार, सिंधी कॉलोनी, बाल निकेतन मोड़, अंधा मोड़ और भीटी होते हुए तमसा तट पर विसर्जन घाट पहुंचेगा। जहां पर बारी-बारी सभी समितियों के पदाधिकारियों द्वारा मां की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान पूरे रास्ते फूलमालाओं से सजे रथों पर रखी प्रतिमाओं के जुलूस को देखने के लिए भक्तों का मजमा लगा रहता है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस, पीएसी और आरआरएफ के जवानों के साथ-साथ जिले के आला अधिकारी भी रास्ते भी चक्रमण करते रहते हैं।