इंदारा। रेलवे द्वारा बिना टिकट सफर करने वालों के खिलाफ शुक्रवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान इंदारा जंक्शन से मऊ जंक्शन तक टीमों ने बिना टिकट यात्रा कर रहे 56 लोगों को पकड़ा और 44 हजार रुपये जुर्माना जमा कराया और सभी को छोड़ दिया गया।
एसीएम वाराणसी पुष्कर रावत, डीसीआई अखिलेश सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार की सुबह इंदारा और मऊ जंक्शन पर टिकट तलाशी अभियान शुरू हुआ। इंदारा स्टेशन पर मजिस्ट्रेट बस देख और चेकिंग की भनक लगते ही टिकट खिड़की पर यात्रियों की संख्या बढ़ गई। उधर, बिना टिकट प्लेटफॉर्म पर अपने परिजनों को पहुंचाने आए लोगों को भी जब इस बात की भनक लगी तो वे भी आनन-फानन में प्लेटफॉर्म छोड़ दिए। इंदारा में इंटरसिटी एक्सप्रेस, दादर एक्सप्रेस, बलिया शाहगंज पैसेंजर, शाहगंज से बलिया सवारी गाड़ी, वाराणसी से भटनी सवारी गाड़ी और कृषक एक्सप्रेस में चेकिंग हुई। इस दौरान मुख्य टिकट निरीक्षक राम प्रभाव यादव, मंगल सिंह, मुख्य टिकट निरीक्षक वाराणसी विवेक वाजपेयी, उप निरीक्षक एचएन तिवारी, प्रमोद कुमार, सुनील यादव आदि लोग मौजूद थे।