कलेक्ट्रेट में जिला पंचायत सदस्य के वार्ड सहरोज से नामांकन पर्चा दाखिल करते भाजपा समर्थित प्रत्
- फोटो : MAU
मऊ। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 के लिए जिला पंचायत सदस्यों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पर 550 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन किया। समाचार लिखे जाने तक आरओ अभी ब्लाक वार प्रत्याशियों का विवरण जुटा रहे थे। शाम सात बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार विकास खण्ड परदहां से 72, कोपागंज से 53, घोसी से 32, बड़राव से 39, दोहरीघाट से 38, रतनपुरा से 46,रानीपुर से 67,मुहम्मदाबाद गोहना से 56 एवं फतहपुर मण्डांव से 28 प्रत्याशियों का विवरण मिल सका था। इस प्रकार जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 550 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
जनपद में जिला पंचायत सदस्य के 34 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होना है। इसके लिए शनिवार को भी जिला पंचायत सदस्य के 16 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा। 31 मार्च से 17 अप्रैल तक जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए कुल 868 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी थी। इनमें से शनिवार को आरओ मुकेश ठाकुर की देख रेख में पहले दिन कलेक्ट्रेट पर दो कमरों में नामांकन प्रक्रिया चल रही थी। इस दौरान सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का आना शुरु हो गया। इधर कलेक्ट्रेट गेट पर ही पुलिस अंदर जाने वालों की सघन तलाशी ले रही थी। प्रत्याशी के साथ एक प्रस्तावक और एक सहयोगी को अंदर जाने दिया जा रहा था। नामांकन के लिए नियत समय पांच बजे के बाद भी काफी प्रत्याशी लाइन में लगे थे। उन सभी लोगों का नामांकन देर शाम तक किया जाता रहा।सबसे ज्यादा 72 प्रत्याशियों ने परदहा ब्लाक से जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए नामांकन किया। जबकि सबसे कम 28 प्रत्याशियों ने फतेहपुर मंडाव ब्लाक के विभिन्न क्षेत्रों से नामांकन पत्र दाखिल किया। इस क्रम में भाजपा नेता मनोज राय ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस बाबत आरओ मुकेश ठाकुर ने बताया कि पहले दिन 550 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इनका ब्लाकवार विवरण तैयार किया जा रहा है।