मऊ। नवरात्र के चौथे दिन शनिवार को दुर्गा मंदिरों में मां दुर्गा के पांचवें स्वरुप पंचम स्कंदमाता की आराधना की गई। मां दुर्गा की पूजा के लिए प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मां में अटूट श्रद्धा रखने वाले भारी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर मन्नत मांगी। भक्तों के जयकारे से वातावरण गूंजायमान रहा।
नवरात्र के चौथे दिन नगर के शीतला माता मंदिर, आजमगढ़ मोड़ स्थित मां सिद्घेश्वरी मंदिर, वनदेवी धाम, निधियांव गांव का अष्टभुजी मंदिर, मांदी सिपाह स्थित मां कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर सहित विभिन्न देवी मंदिरों मेें देवी मां की झलक पाने के लिए श्रद्धालु बेताब दिखे। मां दुर्गा के पांचवे स्वरूप पंचम स्कंदमाता के दरबार में भक्तों ने शीश नवाकर पूजन अर्चन किया। पूजन अर्चन के समय आकाश में बादल होने से श्रद्घालु मां की कृपा मान रहे थे। उधर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित कई प्रमुख मंदिरों में सुविधाओं का अभाव होने से श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ा। नवरात्र में मां कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है बावजूद सुविधाएं बहाल नहीं की जा सकी है। उधर नगर सहित ग्रामीण इलाकों में देर रात तक रामलीला का मंचन होने से चहल पहल बढ़ जाने से चारो ओर मेला जैसा दृश्य हो गया है। हलधरपुर और रतनपुरा संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के दुर्गा मंदिरों में तड़के ही श्रद्धालुओं ने विधि विधान से मां दुर्गा का पूजन अर्चन किया।