वलीदपुर। मुहम्मदाबाद गोहना विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण बुधवार की रात आठ बजे जिलाधिकारी प्रकाश बिंदु और अपर जिलाधिकारी देवी प्रसाद पाल द्वारा किया गया। अचानक अस्पताल में डीएम को देखकर अस्पताल प्रबंधन में अफरा तफरी का माहौल रहा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों को ठंड से बचाव के लिए कबंल देने के साथ साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान डीएम सबसे पहले अस्पताल में बने वार्डो में पहुंचे। जहां भर्ती मरीजों से अस्पताल प्रबंधन की ओर से मुहैया सुविधाओं और इलाज की जानकारी ली। जहां मरीजों से संतोषजनक जवाब मिलने के बाद डीएम ने स्टोर का निरीक्षण कर दवाओं के स्टॉक की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में गंदगी देखकर डीएम ने अस्पताल प्रबंधन को विशेष साफ सफाई रखने का निर्देश दिया। अस्पताल के निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारी नौ बजे कोतवाली पहुंचे। कोतवाली का निरीक्षण करते हुए बैरक का निरीक्षण करने के बाद पेडिंग शिकायत पत्रों की जानकारी ली। साथ जल्द लंबित प्रकरणों के निस्तारण करने का निर्देश दिया।