रतनपुरा। क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में अघोषित बिजली कटौती से लोगों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। पर्याप्त बिजली न मिलने से जहां किसानों को जान जोखिम में डालकर रात को फसलों की सिंचाई करनी पड़ रही है। वहीं बोर्ड परीक्षार्थियों की परीक्षा तैयारी पर असर पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो सका है।
रतनपुरा विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के दर्जनों गांवों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। अघोषित बिजली कटौती तथा एलटी लाइन में फाल्ट से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। दिन में मात्र से दो से तीन घंटा ही बिजली मिल रही है। रबी फसल की सिंचाई चल रही है। ऐसे में किसानों को जान जोखिम में डालकर रात में सिंचाई करना पड़ रहा है। शाम के समय बिजली नहीं रहने से बोर्डपरीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र तैयारी नहीं कर पा रहे हैं। इस संबंध में छात्र कलाधर पांडेय, अतुल चौरसिया, नीतीश गुप्ता, सत्यम गुप्त, सोनू गुप्ता, सोनी गुप्ता का कहना है कि शाम के समय बिजली गुल रहने से परीक्षा की तैयारी नहीं हो पा रही है। यही हाल रहा तो परीक्षा में अधिक अंक पाना मुश्किल हो रहा है। वहीं किसान हरिकेश सिंह, संतोष कुमार, विजय राजभर, राजविजय सिंह, सागर राम, रमेश, विजय यादव का कहना है कि दिन के शेड्यूल में दो से तीन घंटे बिजली मिल रही है। ऐसे में हाड़ कंपाऊ ठंड के मौसम में रात में जान जोखिम में डालकर सिंचाई करनी पड़ रही है। पर्याप्त विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। इस बाबत अवर अभियंता राजकुमार यादव का कहना है कि कंट्रोल रुम से ही शेड्यूल का निर्धारण किया जाता है। इसी के अनुरूप ही बिजली आपूर्ति की जाती है।