सरसेना। चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के जसड़ा गांव में शुक्रवार की सुबह सात बजे मकान के सामने पड़े सहन में एक पक्ष द्वारा बांस गाड़ने को लेकर दोनों पक्षों के परिवार के लोग आमने-सामने हो गए। इस घटना में दोनों तरफ से 13 लोग घायल हुए। इसमें एक तरफ से छह तथा दूसरे पक्ष से सात लोग घायल हुए हैं। दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है ।
चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के जसड़ा गांव के रहने वाले रामबचन पुत्र भग्गन राम और बृजभान पुत्र सत्यम राम का घर अगल-बगल है। उनके घर के सामने कुछसहन की जमीन छूटी हुई है । शुक्रवार की सुबह सात बजे रामबचन राम एक बांस गाड़ रहा था। जिसका विरोध बृजभान ने किया। जिसको लेकर दोनों में कहा सुनी हो गई। देखते ही देखते लाठी डंडे चलने लगे। जिसमें बृजभान की तरफ़ से श्रीप्रकाश (19), साधु, वंदना, क्रांति, धनवती, रविप्रकाश घायल हो गये । रामबचन की तरफ़ से रामबचन (70), रामअवध, राम ताड़क, रीकाबीदेवी, सुदामी, बृजेश, अशोक घायल हो गये। सभी घायलों का ईलाज सीएचसी रानीपुर में कराया गया। थाने में बृजभान ने 10 लोगों के खिलाफ तथा रामबचन ने 9 लोगों के खिलाफ चिरैयाकोट थाने में मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है ।