घोसी के मिर्जाजमालपुर में गेहू के खेत में शार्ट शर्किट से लगी आग के बाद जली गेंहू की फसल।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शनिवार को शार्ट-सर्किट और अन्य कारणों से आग लग गई। इस दौरान कुल 45 बीघे से अधिक फसल जलकर राख हो गई।
दोहरीघाट संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के बुढ़ावर गांव के दक्षिण तरफ बिजली के खंभे के पास से निकली चिंगारी से शनिवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे आग लग गई। इस दौरान बसियारा, मनवासी, लालचंद, बालचंद, हरिशचंद्र और गोथा निवासी जगरनाथ पाल, नगीना पाल, कंहैया पाला, झुरी पाल, इंद्राशन पाल आदि लोगों के दस बीघा गेहूं जलकर राख हो गया। मधुबन संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के बस्ती वर्सी निघियांव में अज्ञात कारणों से लगी आग से पांच लोगों की छह बीघे की गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गया।
बोझी बाजार संवाददाता के अनुसार घोसी कोतवाली अंतर्गत सोहण गांव के सिवान में स्थित एक ट्रांसफार्मर गड़बड़ी होने से चिंगारियां उगलने लगीं। इससे खेत में आग लग गई। शनिवार को दोपहर लगभग एक बजे बिजली आते ही सोहण गांव के सिवान स्थित गांव निवासी रंभा पत्नी रामलक्षन के खेत में स्थापित 25 केबीए के ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से आग लग गई। सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड की टीम नहीं पहुंच सकी।
रानीपुर संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के सादीपुर मौजे में शनिवार को अज्ञात कारणों से दोपहर में खड़ी गेहूं के फसल में आग लग गई। जिसमें पांच लोगों की लगभग आठ बीघा की फसल जलकर राख हो गई। इसमें कई किसानों की फसल जलकर राख हो गई। घोसीः घोसी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर शनिवार को आगजनी के चलते कई बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। घोसी नगर से सटे उत्तर रामलगन महाविद्यालय के पास विद्युत शार्ट सर्किट के चलते ज्ञानप्रकाश यादव और उनके भाई का दो मंडा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। हरिहरपुर सोहड़ गांव में बिजली शार्ट सर्किट के चलते गांव के बादामी देवी का एक बीघा, सोहन, जगमोहन,धर्मदेव, के चार मंडा व रंभादेवी का एक बीघा गेहू की फसल जल कर नष्ट हो गई। दोहरीघाट थाना के वासियाराम पुर गांव में आगजनी के चलते गांव के आठ लोगों का 13 बीघा गेहूं जल कर नष्ट हो गया।