प्रचंड धूप और लू से शनिवार को एक युवक की मौत हो गई। जयप्रकाश (35) निवासी विशुनपुरा कुरंगा दोपहर के समय साइकल से कहीं गया हुआ था, इसी दौरान लू लगने से बनियापार के पास एक बाग में बेहोश हो गया। अस्पताल में ले जाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मई के बाद जून में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही। आंखें तरेरते सूरज की तपिश ने सभी को बेहाल किया हुआ है। इस बीच शनिवार को दोहरीघाट के बनियापार में एक युवक जयप्रकाश (35) की लू से मौत हो गई। लोगों का कहना है कि दोपहर के समय लू लगने के कारण उसे बेहोशी की हालत में पाया गया।
शनिवार को तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा। नगर सहित जनपद के अन्य इलाकों में धूप से जनजीवन पटरी से उतर गया है। दोपहर के समय लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है।
गर्मी से पशु पक्षियों का भी बुरा हाल है। पानी के लिए भी तरस जा रहे हैं। जिसका नतीजा यह रहा कि सुबह से चिलचिलाती धूप औ लू से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
लू से बचने के लिए घर से बाहर निकलने पर महिला, पुरुष बच्चे हर कोई अपना मुंह बांधकर निकले। वहीं, बाइक चलाने वाले भी काफी सतर्क रहे। उन्होंने भी सावधानी पूर्वक अपने चेहरे को गमछे की ओट में रखा। बांधे रखा। बाजार में निकलने वाली महिलाओं ने भी एहतियातन अपने आप को स्टाल से पूरी तरह से ढके रखा।
गर्मी में सबसे ज्यादा परेशानी पशु पक्षियों को हुई। वे पानी के लिए तरस गए। खुले में घूमने वाली गाय ने पुलिस लाइन में बने टैंक से अपनी और अपने बछड़े की प्यास बुझाई। गर्मी से हर किसी का बुरा हाल रहा।