मऊ। बढती ठंड और कोहरे के चलते रेलवे ने कुछ ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। इसके चलते मऊ जंक्शन पर आरक्षण टिकट खिड़की पर बीते आठ दिनों से निरस्त ट्रेनों का टिकट वापस कराने वालों की भीड़ लग रही हैं। इसके चलते बीते छह दिनों में लगभग 420 लोग टिकट निरस्त करा चुके हैं। वहीं, लगातार ट्रेनों की लेटलतीफी से भी यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
28 नवंबर से लिच्छवी एक्सप्रेस, बापूधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस, दादर सेंट्रल जाने वाली दादर एक्सप्रेस और गोरखपुर वाराणसी एक्सप्रेस निरस्त है। दादर एक्सप्रेस नौ जनवरी 2024 और लिच्छवी, बापूधाम और गोरखपुर वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस 29 फरवरी 2024 तक निरस्त रहेगी।
त्योहार बीतने और मांगलिक कार्यक्रम के बाद लोगों ने वापस जाने के लिए दो महीने पहले से ही इन ट्रेनों में टिकट बुक कराए थे लेकिन अचानक ट्रेन निरस्त होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। 28 नवंबर से ही स्टेशन पर टिकट कैंसिल कराने वालों की भीड़ लग रही है। यही स्थिति सोमवार को भी थी। टिकट वापस कराने वालों की संख्या अधिक होने से काउंटर पर मारामारी की स्थिति बन गई थी।
प्रतिदिन लगभग 60 से 70 लोग टिकट वापस कराने पहुंच रहे हैं। आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो 28 नवंबर से तीन दिसंबर तक लगभग 420 यात्रियों ने करीब चार लाख 56 हजार 445 रुपये का टिकट वापस कराया है। तीन दिसंबर को आरक्षण टिकट की खिड़की से 77445 रुपये का टिकट वापस हुआ। काउंटर पर टिकट कैंसिल कराने के लिए लाइन में खड़े राजन शर्मा ने बताया कि डेढ़ माह पूर्व ही मुंबई जाने के लिए चार टिकट बुक कराया था। पहले तो दो घंटे लाइन में खड़े रहकर टिकट बुक कराया और अब टिकट वापस कराने के लिए सुबह से लाइन में खड़ा हूं।
वहीं, कृष्णमुरारी पांडेय, राजकुमार और पंकज ने बताया कि सात दिसंबर को उन्हें मुंबई जाना था लेकिन अचानक ट्रेन निरस्त होने से परेशानी बढ़ गई है। अब दूसरी ट्रेनों में जगह नहीं है। अन्य ट्रेनों में 150 के पार वेटिंग चल रही है।
वर्जन
ट्रेनें निरस्त होने से टिकट वापस कराने वालों की संख्या बढ़ गई है। प्रतिदिन 60 से 70 टिकट कैंसिल हो रहे हैं। 50 प्रतिशत लोग अन्य कारणों से टिकट कैंसिल करा रहे हैं। हालांकि जनरल टिकट की बिक्री बढ़ी है।
अवधेश कुमार, मुख्य वाणिज्य अधीक्षक, मऊ जंक्शन