अमिला (मऊ)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक विद्यालय शिक्षक संघ की ब्लाक बडराव की बैठक रविवार को अमिला बीआरसी कार्यालय में आयोजित हुई। जिसमें 12 दिसंबर को प्रस्तावित बीएसए कार्यालय पर धरना के बाबत विचार- विमर्श हुआ एवं मांग-पत्र की भी चर्चा हुई ।
ब्लाक अध्यक्ष अखिलेश्वर शुक्ल ने बताया कि शासन द्वारा बार-बार शिक्षकों की मांगों को दर किनार करते हुए उपेक्षित व्यवहार किया जा रहा है। शिक्षक समस्याओं के समाधान के प्रति उपेक्षात्मक रवैये के कारण11 सूत्री मांगों के समर्थन में 12 दिसम्बर को एक दिवसीय सांकेतिक धरना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर दिया जाएगा। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। मांगों में प्रधानाध्यापको का पद सृजन करने, अंतर जनपदीय स्थानांतरण करने, नव नियुक्त शिक्षकों का वेतन भुगतान आदि शामिल है।
बैठक में संतोष कुमार गुप्त, गजाधर यादव, राम कुमार प्रसाद, शिवानंद राय, हरींद्र सिंह, जैद अहमद, चन्द्रभूषण मौर्य, विनोद राजभर, उषा यादव, गीता सिंह, दुर्गा प्रसाद मिश्र आदि मौजूद रहे।