मऊ। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा आयोजित रोवर्स रेंजर्स हाइक को गुरुवार को मऊ जंक्शन पर डीसीएसकेपीजी कालेज के प्राचार्य डॉॅ. एके मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर चित्रकूट के लिए रवाना किया।
रोवर्स रेंजर्स के जिला प्रभारी डॉ. घनश्याम दुबे के नेतृत्व में विभिन्न कालेजों के 60 सदस्यीय रोवर्स रेंजर्स ट्रेन से चित्रकूट गया। रोवर्स रेंजर का दल मइहर धाम, चित्रकूट, हनुमान धाम, गुप्त गोदावरी, सामंत गिरी, मंदाकिनी नदी, विंध्याचल पर्वत का अवलोकन करते हुए प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र इलाहाबाद पहुंचेगा। प्रशिक्षण के बाद आनंद भवन, संगम स्थल आदि स्थलों का अवलोकन करने के बाद जिला प्रभारी को रिपोर्ट सौंपेंगे। डीसीएसके पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. एके मिश्र ने कहा कि रोवर्स रेंजर्स पर्यावरण, नैतिक मूल्यों एवं भारतीय जीवन शैली को समर्पित रहते हैं। जनपदीय रोवर्स रेंजर्स संयोजक डॉ. घनश्याम दुबे के नेतृत्व में कुल 60 रोवर्स रेंजर्स भाग ले रहे हैं। इस यात्रा में डीसीएसके पीजी कालेज के संतगणिनाथ पीजी कालेज, चंद्रिका स्मारक पूर्वांचल पीजी कालेज सुरहुरपुर, जय मां खंडवारी महिला महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। जिला प्रभारी डॉ. घनश्याम दुबे ने बताया कि दल आठ अक्तूबर को हाइक की वापसी के बाद इसकी आख्या पूर्वाचल विश्वविद्यालय को सौंपी जाएगी। इसके उपरांत भारत स्काउट गाइड की तरफ से सभी को प्रमाण पत्र दिया जाएगा। यात्रा की सफलता के लिए प्रादेशिक संगठन कमिश्नर स्काउट राजेंद्र सिंह, हंसपाल, प्रशिक्षण कमिश्नर आनंद सिंह रावत, सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर आदि ने पूरी टीम को शुभकामना दी। इसके पूर्व डीसीएसके पीजी कालेज के प्राचार्य ने सभी रोवर्स रेंजर्स को दही और मिष्ठान खिलाया। इस अवसर पर अवनीश पांडेय, हंसराज चौहान, मुहम्मद इसराइल, मृत्युंजय, रमन राय आदि उपस्थित रहे।