जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की तरफ से डायट परिसर में 25, 26 मई को जनपदस्तरीय योगाभ्यास प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक प्रतिभाग करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चयनित शिक्षकों को प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। डायट प्राचार्य ने सभी बीईओ को इस आशय का पत्र जारी किया है।
जिले में 1060 प्राथमिक तथा 442 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। योग को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए डायट की तरफ से परिसर में 25, 26 मई को जनपदस्तरीय योगाभ्यास प्रतियोगिता कराई जाएगी। 25 को पुरुष शिक्षक तथा 26 को महिला शिक्षक प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। बीईओ को भेजे आदेश में कहा गया है कि प्रतियोगिता में भाग लेने शिक्षकों ने विद्यालयों में 60 से अधिक बच्चों का नामांकन किया गया हो। सात-सात महिला, पुरुष शिक्षकों का चयन किया जाएगा। दोनों वर्गों के शिक्षकों का चयन तीन-तीन विशेषज्ञों की कमेटी करेगी। चयनित शिक्षकों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। वहीं जनपदस्तरीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दोनों वर्गों के एक-एक शिक्षक लखनऊ एससीईआरटी में आयोजित योग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। ये शिक्षक 19-20 जून को एससीईआरटी में उपस्थित रहेंगे।
विभाग की मंशा है कि ऐसे शिक्षकों को प्रोत्साहित किया जाए ताकि स्कूलों में नियमित योगाभ्यास करवाया जा सके। योग से बच्चों की एकाग्रता, आत्मविश्वास, सृजनात्मकता, आत्मबल और कल्पनशक्ति में बढ़ोत्तरी होती है। वहीं उनका शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास भी होता है। इस बाबत डायट प्राचार्य आरसी यादव का कहना है कि 25 से होने वाली दो दिवसीय योगाभ्यास प्रतियोगिता के लिए सभी बीईओ को अवगत करा दिया गया है।