कोपागंज। नगर पंचायत कोपागंज साफ सफाई का चाहे लाख दावा कर लें लेकिन स्थिति वास्तविक धरातल से इतर है। इसका नजारा मोहल्ला फत्तनपुरा जुम्मनपुरा में बस्ती में देखा जा सकता है। जहां बजबजाते हुए गंदे पानी व उससे निकलने वाली दुर्गंध के चलते इस शुरुआती गर्मी के मौसम में लोगों का रहना दूभर हो गया है। लोगों का कहना है की अगर यही स्थिति रही तो पूरा मोहल्ला संक्रमित बीमारियों के चपेट में होगा।
कोपागंज नगर पंचायत में कुल 17 वार्ड है नगर के साफ सफाई के लिए सफाई कर्मियों की लंबी चौड़ी फ़ौज होने के बाद भी मुहल्लों में गंदगी पसरी है तो वहीं नालियां बजबजा रही हैं। यह हाल नगर पंचायत के फत्तनपुरा जुम्मनपुरा मोहल्ला स्थित इमली बाग के पास की बस्ती की है। गंदगी और उससे उठने वाली दुर्गंध का आलम यह है की आस पास के लोगों का शुरुआती गर्मी के मौसम में ही रहना मुश्किल कर दिया। इसे लेकर मोहल्ले के आजाद सुफियान मरगूब मोहम्मद, फैजल आदि ने कई बार नगर पंचायत कार्यालय के अलावा सफाई कर्मियों को अवगत कराया, लेकिन इस किसी का ध्यान नहीं दिया। लोगों का कहना है की अगर यही स्थिति बनी रही तो पूरा मोहल्ला संक्रमित बीमारियों के चपेट में होगा। अधिशासी अभियंता जय प्रकाश यादव ने कहा की मामला सज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो तत्काल साफ सफाई कराई जाएगी।