मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली के वलीदपुर कसबे के बिचलापुरा मुहल्ला निवासी चार वर्षीया पुत्री की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को मकान मालिक और उसके बेटे के विरूद्घ रिपोर्ट दर्ज कर पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। पुलिस ने यह रिपोर्ट मृत बच्ची के पिता की तहरीर पर दर्ज की। पुलिस अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है।दूसरी तरफ तनाव देख पुलिस आरोपी के घर पर एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात की है।
मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के वलीदपुर कसबे के बिचलापुरा मुहल्ला निवासी वारिस हुसेन की चार वर्षीय पुत्री इस्मत जहरा 11 नवंबर की देर शाम को चेहल्लुम के जुलूस के दौरान लापता हो गई थी। घरों वालों ने उसकी काफी तलाश किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। बच्ची के पिता ने पुलिस को तहरीर दिया। पुलिस ने 13 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कर खानापूरी कर लिया था। इस बीच गुरुवार की शाम को मुहल्ले के ही एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने से लोगों का आशंका हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मकान से बच्ची का शव बरामद किया। इस मकान में कोई रहता नहीं है और बाहर से ताला बंद रहता है। बच्चे के चेहरा झुलसा हुआ था। ऐसा लग रहा था, मानो उसकी पहचान छिपाने के प्रयास में कोई ज्वलनशील पदार्थ उसके चेहरे पर डाल गया था। बच्ची का शव सड़ रहा था। इससे उसकी हत्या कई दिनों पूर्व करने के संकेत मिल रहे थे। मुहल्लेवालों के विरोध के बाद एसपी के मौके पर पहुंचकर समझाने बुझाने पर पुलिस को लाश उठाने दिया गया। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया। बच्ची के पिता ने मकान मालिक , उसके बेटे और बेटी के विरुद्ध तहरीर दी। पुलिस ने पहले दर्ज गुमशुदगी की धारा 363 को धारा 302 में परिवर्तित कर दिया है। पुलिस ने मकान स्वामी और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।सीओ मुहम्मदाबाद गोहना अनिल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।