नगर के सहादतपुरा स्थित रोडवेज परिसर में खड़े बसें।संवाद
- फोटो : संवाद
मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत जिले की 29 ग्रामीण सड़कों पर मिनी बसों का संचालन किया जाना है। इनमें से 24 रूटों पर बस संचालकों ने सिक्योरिटी मनी जमा कर दी है। शनिवार से चार ग्रामीण रूटों पर मिनी बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा मऊ डिपो स्थित पंडित अलगू राय शास्त्री बस स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना करेंगे।
मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत जिले की 29 ग्रामीण सड़कों पर निजी मिनी बसों का संचालन किया जाना है। इसके लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली चार सदस्यीय समिति (जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, एआरटीओ और एआरएम) ने रूटों पर निजी बस अनुबंध की अनुमति दे दी है।
इस योजना से लगभग 400 ग्राम पंचायतें जिला मुख्यालय से जुड़ेंगी। सबसे अधिक 12 बसें फतेहपुर मंडाव ब्लॉक में चलाई जाएंगी। एआरटीओ द्वारा सभी रूटों का मैप तैयार कर मऊ डिपो के एआरएम को भेज दिया गया है।
बस संचालकों ने 28 अप्रैल तक 24 बसों के लिए 5000 रुपये प्रति बस सिक्योरिटी मनी जमा की है। इसके अतिरिक्त 18 लोगों ने 29 बसों के संचालन के लिए 2000 रुपये आवेदन शुल्क भी जमा किया है।
निजी बसों को परिवहन निगम के साथ 10 वर्षों के अनुबंध पर संचालित किया जाएगा। नियम के अनुसार 15 से 28 सीट क्षमता वाली डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया गया है।