बढुआ गोदाम। परदहां ब्लॉक क्षेत्र के रैकवारडीह गांव में शुक्रवार को चकबंदी प्रक्रिया को लेकर आयोजित चौपाल में ग्रामीणों का विरोध खुलकर सामने आया। मुख्य राजस्व अधिकारी अजय त्रिपाठी और सदर एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में चकबंदी के पक्ष और विपक्ष में ग्रामीणों की राय जानने के लिए मतदान कराया गया।
इसमें 375 ग्रामीणों ने चकबंदी निरस्त करने के पक्ष में मतदान किया, जबकि करीब 40 लोगों ने प्रक्रिया बहाल रखने के पक्ष में अपनी राय दी। मतदान के परिणाम से गांव में चकबंदी को लेकर व्यापक असहमति सामने आई।
चौपाल में ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष चकबंदी प्रक्रिया निरस्त करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में चकबंदी का गजट जून 2015 में जारी हुआ था, इसके बाद से ही काश्तकार लगातार इस प्रक्रिया का विरोध करते आ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना था कि पूर्व में भी जिलाधिकारी को पत्र देकर चकबंदी निरस्त करने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मतदान के परिणाम और काश्तकारों की व्यापक असहमति को देखते हुए रैकवारडीह में चल रही चकबंदी प्रक्रिया निरस्त करने की मांग की। उनका कहना था कि ग्रामीणों की भावनाओं और सहमति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को उचित निर्णय लेना चाहिए।