मऊ। नगर के चार पीएचसी समेत जिले के कुल 40 अस्पतालों में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 3345 मरीजों का इलाज कर दवाएं दी गईं जबकि 89 लोगों को गोल्डन कार्ड दिया गया। एलोपैथ, यूनानी, होम्योपैथ और आयुर्वेद के चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की।
आरोग्य मेले में टीबी, मलेरिया, बुखार, खांसी, कुष्ठ रोग, पेट रोग, चर्म और आंख के रोग से पीड़ित मरीज आए। मरीजों की कोरोना की जांच भी की गई। गर्भवती महिलाओं और बच्चों को मुफ्त में टीका लगाया गया। सदर तहसील के साथ मधुबन, मुहम्मदाबाद गोहना तथा घोसी तहसील के अदरी, अमिला, चिरैयाकोट, खुरहट, हलधरपुर, तिघरा, सेंचुई सहित कुल 40 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में 15 मेडिकल ऑफिसर, 538 स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहे। कुल 3345 मरीजों की जांच कर दवाएं दी गईं। मरीजों में 1804 महिलाएं और किशोरियां शामिल थी। 89 आयुष्मान लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड दिया गया।
पीएचसी चिरैयाकोट में 188 मरीजों की जांच की गई। शिविर में 72 पुरुष, 97 महिलाओं और 19 बच्चों की जांच उन्हें दवाएं दी गईं। मधुबन पीएचसी में 150, खुरहट पीएचसी में 72, मझवारा पीएचसी में 74 मरीजों की जांच र्हुई।
इस मौके पर नोडल अधिकारी डॉ. एसपी अग्रवाल, डॉ. वकील अली, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी युसूफ शाह, डॉ. जावेद, डॉ. अभिषेक राय, अर्बन कोर्डीनेटर देवेंद्र प्रताप यादव, दुर्गाप्रताप सिंह, सुनिता, सोनू रानी राय, अंकिता दुबे आदि मौजूद रहे।