यूूपी बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के चौथे दिन सोमवार को चारों मूल्यांकन केंद्रों पर अधिकांश परीक्षक नहीं पहुंचे। परीक्षकों की संख्या कम होने के चलते मूल्यांकन पर असर पड़ा। 2090 के सापेक्ष 951 परीक्षक ड्यूटी पर आए।
यूपी बोर्ड की तरफ से 5.83 लाख उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 2090 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके लिए नगर के तालीमुद्दीन इंटर कालेज, एएल नोमानी इंटर कालेज, मुस्लिम इंटर कालेज तथा शहीद इंटर कालेज मधुबन को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। मूल्यांकन के चौथे दिन काफी संख्या में परीक्षक गायब रहे। शहीद इंटर कालेज मधुबन में 282 परीक्षक ड्यूटी पर आए। इसके चलते 7552 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हो सका। जबकि 1.63 लाख उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 611परीक्षकों को लगाया गया है। प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह ने बताया कि समय से मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया जाएगा। मुस्लिम इंटर कालेज 1.42 लाख उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 450 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। मूल्यांकन के चौथे दिन 260 परीक्षक आए। प्रधानाचार्य इश्तेयाक अहमद ने बताया कि 10500 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। एएल नोमानी इंटर कालेज में 1.66 लाख उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 703 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। चौथे दिन 257 परीक्षक ही ड्यूटी पर आए। प्रधानाचार्य उस्मान अली ने बताया कि 14 हजार उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। तालीमुद्दीन इंटर कालेज में 152 परीक्षक आए। तालीमुद्दीन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य मजहर अली ने बताया कि 6400 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।