मऊ। दो बूॅद पिलाएंगे, पोलियो भगाएंगे के नारे के साथ नगर के पालिका परिषद से सदर चौक तक स्कूली छात्रों ने रैली निकाल कर सभी को पोलियो मुक्त भारत का संदेश दिया। शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सतीशचंद सिंह ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
रैली पालिका परिषद से होते हुए मुगलपुरा विद्यालय परिसर में आकर सभा में तब्दील हो गई । समापन स्थल पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने बच्चों तथा शिक्षकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि रविवार को जनपद के सभी बूथों पर पोलियो खुराक शून्य से पांच वर्ष के बच्चों को पिलाई जाएगी। ग्राम प्रधान, सभासद व संभ्रात व्यक्ति एवं शिक्षक ड्राप पिलाने में सहयोग करें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी त्रिपाठी ने कहा कि रविवार को बूथ वाले सभी विद्यालय खुले रहेंगे। शिक्षक पोलियो टीम को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए बुलउवा टोली के माध्यम से बच्चों को बूथ तक लाने में सहयोग प्रदान करें। डीएमसी सरोज राना ने कहा कि पोलियो एक लाइलाज बीमारी है। पोलियो मुक्त भारत का सपना पूर्ण करने के लिए आम जन के सहयोग की जरूरत है। इस अवसर पर डॉ. वकील अहमद, डॉ.शहनवाज अहमद, चंद्रधर राय, साबरीन, एमए खान, अमित, गाइड कैप्टन सुधा वर्मा, समशेर अली, नीलम त्रिपाठी, वसीम आदि शामिल रहे। रानीपुर संवाददाता के अनुसार रानीपुर ब्लॉक अंतर्गत शनिवार को पोलियो एवं किशोर बाल दिवस के अवसर पर रानीपुर ब्लॉक से रानीपुर मोड़ तक रैली निकाल कर लोगो को जागरुक किया गया।इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रजनीश कुमार सिह, प्रभारी चिकित्साधिकारी योगेश कुमार गौतम, सुनीता उपाध्याय, पूनम सिह, ब्रह्मानंद सिंह,ककू सिह,संजय सिह आदि शामिल रहे।