मऊ। जिला मुख्यालय स्थित सोनीधापा इंटर कालेज के मैदान पर रविवार को अखिल भारतीय अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन के तत्वाधान में डा. आंबेडकर मिशन बढ़ाओ और आरक्षण बचाओ राष्ट्रीय महारैली का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबा पी भोसले और मुख्य वक्ता के रुप में बुद्ध मित्र मुसाफिर मौजूद रहे।
महारैली को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र से आए मुख्य अतिथि बाबा पी भोसले ने कहा कि डाक्टर आंबेडकर मिशन का उद्देश्य भारत में समता और स्वतंत्रता, बंधुता और न्याय पर आधारित सामाजिक व्यवस्था का निर्माण करना है। जो कि भारत के संविधान के प्रस्तावना में निहित है। मुख्य वक्ता बुद्ध मित्र मुसाफिर ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में जो राजनीतिक दल आरक्षण को बचाने के लिए ढ़ढ संकल्पित होगा हम उसका समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आरक्षण को खत्म करने की गहरी योजना बनाई जा रही है। ऐसे में हम सभी को एकजुट होकर बाबा साहेब के द्वारा दिए गए आरक्षण रूपी इस आशीर्वाद को बचाने के लिए आगे आना होगा। महारैली को प्रांतीय अध्यक्ष अरुण कुमार प्रेमी, राष्ट्रीय उप महासचिव नीलम बौद्ध, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार गौतम, प्रांतीय अध्यक्ष राविंशन विनायकर आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश बौद्ध् तथा जिला महासचिव संजय कुमार ने किया। इस दौरान ओपी चंद्रा, डा. सुशील, संजय कुमार, एसके प्रियदर्शी, अयोध्या खुश दिल, अरुण कुमार और राजकुमार आदि मौजूद रहे।