मऊ। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर शनिवार की दोपहर बिजली के एक खंभे पर चलकर फिटिंग का कार्य कर रहा युवक जर्जर खंभा टूटने से गिरकर घायल हो गया। उन्हें रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिस समय यह हादसा हुआ उसम भीड़ कम थी, इसके चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक के 9 फरवरी को मऊ जंक्शन पर निरीक्षण को लेकर रेलवे द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शनिवार को इसी क्रम में रेलवे के इलेक्ट्रानिक प्रखंड द्वारा प्लेटफार्म 2 पर बिजली के एक पोल पर फिटिंग कर कार्य कर रहा था। लेकिन फाउंडेशन के नीचे पोल के जर्जर होने के चलते मजदूर रामाशीष के उस पर चढ़ते ही खंभा नीचे गिर पड़ा। हादसे की सूचना पर इलेक्ट्रानिक प्रखंड के अधिकारी ओपी गुप्ता पहुंचे और घायल मजदूर को रेलवे अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने उसका उपचार किया।
इनसेट
डीआरएम ने मामले को लिया संज्ञान में
मऊ। शनिवार को डीआरएम एसके झा स्पेशल ट्रेन से सुबह 10 बजे मऊ जंक्शन पहुंचे, जहां कुछ देर रुकने के बाद वो आजमगढ़ स्टेशन रवाना हो गए। पिछले बुधवार को मुहम्मदाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरेजपुर गांव के महिलाओं द्वारा समपार बंद होने पर डीआरएम का सैलून रोक दिया था। जिसके चलते डीआरएम आजमगढ़ का निरीक्षण नहीं कर सके थे। शनिवार को इस घटना के संबंध में डीआरएम के पीआरओ अशोक कुमार ने इस मामले को संज्ञान में लेने की बात कही।