मुहम्मदाबाद गोहना। युवा क्रीड़ा समारोह चतुर्थ मंडलीय आजमगढ़ के तत्वावधान में दो दिवसीय माध्यमिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन शुक्रवार को पब्लिक बालिका इंटर कॉलेज बरामदपुर के परिसर में किया गया।
बरामदपुर के पब्लिक बालिका कॉलेज पर माध्यमिक मंडलीय क्रीड़ा प्रतियोगिता समारोह में मंडल के तीनों जनपद से आई बालिका व बालक वर्ग के प्रतियोगी छात्रों की दौड़ प्रतियोगिता हुई। 800 मीटर की छात्र वर्ग दौड़ में बलिया के सुनील कुमार ने प्रथम मऊ जनपद के अभिषेक कुमार ने दूसरा और आजमगढ़ मंडल के सूरज चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग की 800 मीटर की दौड़ में प्रथम स्थान पर बलिया की गरिमा पाल, आजमगढ़ जनपद की किरण वर्मा को दूसरा व मऊ की श्वेता पाल को तीसरा स्थान मिला।
मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक अनारपति वर्मा ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना ही शिक्षा का उद्देश्य है। बच्चों को सफल बनाने में हमारे शिक्षकों का सबसे बड़ा योगदान होता है। कहा कि स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ पीटी एवं योग के भी कार्यक्रम होना चाहिए। खेलकूद के कार्यक्रम से अनेक प्रकार के नैतिक गुण वेद प्रेम और नैतिकता का विकास होता है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर विजय प्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक आजमगढ़ विनोद कुमार शर्मा जिला विद्यालय निरीक्षक बलिया अमरनाथ राय, उपशिक्षा निदेशक आजमगढ़ योगेंद्र सिंह, क्रीड़ा सचिव मऊ हरिनाथ सिंह, सचिव आजमगढ़ दिनेश सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य जावेद आलम, प्रधानाचार्य शाजिया रहमान, शमा शेख, मोहम्मद अब्दुल्ला, मोहम्मद राशिद शेख सल्लू आदि मौजूद रहे।