बढ़ुआ गोदाम। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के आदेडीह गांव में शुक्रवार की शाम को आइसक्रीम की फैक्ट्री में घुसकर कुल्फी का कचरा खाने से 30 भेड़ों की मौत हो गई थी। पशुपालक फूलचंद ने रविवार को फैक्ट्री संचालक सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
दर्ज मुकदमे के अनुसार, पशुपालक रणवीरपुर निवासी फूलचंद शर्मा शुक्रवार को 110 भेड़ों को चराने के लिए गांव से कुछ दूरी पर आया था। वहीं पर आदेडीह में एक आइसक्रीम की फैक्ट्री का संचालन लक्ष्छू गुप्ता, हरख गुप्ता और प्रिंस गुप्ता करते हैं। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री परिसर के अंदर कुल्फी के टूटे टुकड़े गिरे हैं। इन्हें भेड़ों को खिला दो। इससे कोई नुकसान नहीं होगा। कुल्फी का कचरा खाने के कारण रात में ही कुछ भेड़ों की तबीयत खराब होने लगी। शनिवार की सुबह पशु पालक ने पशु चिकित्सक को बुलाया। पशु चिकित्सक ने दवा दी लेकिन सुधार नहीं हुआ। शनिवार की सुबह से शाम तक 30 भेड़ों की मौत हो गई। बीमार भेड़ों का उपचार चल रहा है। पशुपालक ने गुमराह कर भेड़ को विषाक्त पदार्थ खिलाकर मारने का आरोप लगाते हुए तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।