दशहरे के बाद मौसम में बदलाव के साथ सुबह-शाम ठंड बढ़ने लगी है। इसके बीच जिला अस्पताल और कसारा स्थित कल्पनाथ राय मेडिकल कॉलेज में हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और हाई बीपी की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
डॉक्टरों के अनुसार, सुबह जल्दी ठंड में टहलने निकलने वाले बुजुर्गों और पहले से हृदय रोग, हाई बीपी या मधुमेह से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
जिला अस्पताल के आईसीयू प्रभारी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि आईसीयू में चार बेड हैं और सभी पर हार्ट अटैक व स्ट्रोक के मरीज भर्ती हैं।
इनमें दो मरीज 55 वर्ष से अधिक उम्र के हैं। उन्होंने बताया कि बीते 10 दिनों में ओपीडी में 20 से अधिक मरीज बढ़े हुए ब्लड प्रेशर की शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें तीन से चार मरीजों ने सुबह टहलने या शौच के दौरान सीने में दर्द होने की बात बताई।
वहीं, कल्पनाथ राय मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के अनुसार, पिछले 10 दिनों में इमरजेंसी में हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के 28 मरीज पहुंचे। सामान्य दिनों में ऐसे मरीजों की संख्या 12 से 15 के बीच रहती है। हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विक्रमजीत सिंह ने बताया कि सुबह के समय ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। ठंड में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने से हृदय पर दबाव बढ़ता है। ऐसे में हृदय रोग से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।