हलधरपुर थाना पुलिस द्वारा पकड़ा गया शातिर लुटेरा।
- फोटो : MAU
मऊ। हलधरपुर थाने की पुलिस ने सोमवार की शाम स्वाट टीम की मदद से 25 हजार के इनामी बदमाश को दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा कारतूस और चोरी की बाइक बरामद होने का दावा किया।
हलधरपुर थाने की पुलिस और स्वाट टीम के निरीक्षक राजेश प्रसाद यादव के संयुक्त चेकिंग अभियान में मुखबिर की सूचना पर बिलौंझा बाजार के पास भीमहर बड़ागांव मोड़ से 25000 के इनामी अपराधी संजय राम उर्फ डॉक्टर उर्फ संजय सक्सेना को पुलिस ने पकड़ा। संजय बलिया जिले के नगरा थाने के डूमाडांड़ का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके पास से बिना नंबर की चोरी की एक मोटरसाइकिल, तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान संजय ने बताया कि वह इसके पूर्व जनपद बलिया के विभिन्न थानों में अपने साथियों के साथ डकैती, लूट के विभिन्न वारदातों में शामिल रहा और 2015 में घोसी कोतवाली क्षेत्र में एक सराफ को गोली मारकर की गई डकैती की भी घटना में भी शामिल रहा था। लेकिन उस घटना में पकड़ा नहीं गया।
भागकर छत्तीसगढ़ चला गया था
पकड़ा गया आरोपी संजय राम कई वारदात के बाद भागकर छत्तीसगढ़ चला गया और नाम बदलकर वहीं रहता रहा है। कभी-कभी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के लिए आता है और फिर भाग कर छत्तीसगढ़ चला जाता था। 2015 से ही वह घोसी डकैती के मुकदमे में वांछित था। सीओ मधुबन राजकुमार ने बताया कि संजय राम नगरा थाने का हिस्ट्रीशीटर है, और इसके विरुद्ध पूर्व से डकैती, लूट एवं हत्या के कुल 11 मुकदमे पंजीकृत है। पुलिस अधीक्षक की ओर से संजय की गिरफ्तारी के लिए 25000 रुपयों का इनाम घोषित था।