घोसी। कोतवाली क्षेत्र के कारीसाथ गांव में बुधवार की शाम को 7.30 बजे नीलम (19) पुत्री लछिराम गौड़ ने अपने मायके में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के वक्त मृतका की मां और परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर थे। नीलम घर के अंदर खाना बना रही थी। पुलिस ने गुरुवार की सुबह मजिस्ट्रेट के सामने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कारीसाथ गांव निवासी नीलम पुत्री लछिराम गौड़ की शादी मई 2017 में आजमगढ़ जनपद के घाघरा स्थित लाटघाट निवासी सुजीत गौड़ संग हुई थी। मृतका नीलम ससुराल में 15दिन रहने के बाद मायके चली आई थी। पति सुजीत कमाने के लिए मुंबई चला गया था। बताया जाता है कि बुधवार की शाम को नीलम घर में खाना बना रही थी। आटा गूंथते समय 7.20 पर किसी का फोन आया । फोन पर बात सुनने के बाद नीलम घर के अंदर कमरे में जाकर बॉक्से पर चढ़ कर धरन में अपने दुपट्टे को बांधकर फंदे से लटक गई। खाना बनने में देर होने पर जब छोटा भाई रसोई घर में गया तो वहां नीलम नहीं मिली। वह दूसरे कमरे में गया तो नीलम फांसी पर लटकी हुई थी। किशोर के शोर मचाने पर अंदर पहुंचे परिजनों ने लाश को नीचे उतारा। इस घटना की सूचना रात लगभग 12बजे कोतवाली पुलिस को दी गयी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी लेने के साथ वृहस्पतिवार की सुबह नायब तहसीलदार सर्वेश सिंह ने शव का पंचनामा कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। वहीं शक के आधार पर मृतका नीलम की मां के तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। इस बाबत सीओ मधुबन अरशद जमाल सिद्दीकी का कहना है कि मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवा कर उसका अध्ययन किया जा रहा है।
-----
पुलिस खंगाल रही कॉल डिटेल
मृतका के मोबाइल पर एक ही नंबर से कई बार फोन आते रहे। मोबाइल पर बुधवार की शाम 7.21बजे आई काल के बाद विवाहिता द्वारा आत्महत्या करने को लेकर काफी चर्चा रही। नीलम की मोबाइल पर किसी के द्वारा कई काल किए गए। घर वालों के अनुसार नीलम खाना बनाने के दौरान मोबाइल पर आने वाली काल रिसीव करके बात करती रही। इसी दौरान फोन करने वाले की ओर कही गई किस बात से आहत होकर नीलम ने ऐसा कठोर कदम उठा लिया। यहीं सोचकर परिजन हैरान हैं।