दुबारी। क्षेत्र के गजियापुर गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताते हुए ‘नाली नहीं तो वोट भी नहीं मिलेगा’ पोस्टर लेकर विरोध जताया। चेतावनी दी कि जनप्रतिनिधि इसे महज धमकी न समझें, काम नहीं हुआ तो वह मतदान का बहिष्कार करेंगे।
फतहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के गजियापुर बड़ी ग्राम पंचायत है। गजियापुर गांव का प्रमुख संपर्क मार्ग जो पंजाब नेशनल बैंक से मुख्य मार्ग बंधा तक जाता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के चलते जगह-जगह जलजमाव लगा रहता है। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ लोगों ने दुकान तथा घरों के सामने मिट्टी डाल देने से सड़क संकरी हो गई है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों तथा जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हो सका। रविवार को नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रमुख संपर्क मार्ग पर सरकारी तथा गैर सरकारी संस्थान तथा व्यापारिक प्रतिष्ठान तथा शिक्षण संस्थान हैं। सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से आना जाना मुश्किल हो रहा है। बड़े वाहनों के गुजरने के दौरान स्कूल जा रहे बच्चों की ड्रेस खराब हो जा रही है। प्रशासनिक तथा जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की जा सकी है। जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वोट का बहिष्कार किया जाएगा। वहीं ग्राम प्रधान जगदीश प्रसाद का कहना है कि कार्ययोजना बनाकर भेजी गई है। बजट मिलने पर समस्या का समाधान करा दिया जायेगा।
प्रदर्शन करने वालों में पूर्व प्रधान चन्द्रभान यादव, रामकुवंर शर्मा, गोविंद वर्मा, मनोज वर्मा, रामवृक्ष वर्मा, डिंपल वर्मा, संजय कुमार श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य रामबचन कन्नौजिया, वीरेंद्र शुक्ल, शिवचन कन्नौजिया, राजेश शर्मा, प्रभुनाथ मौर्य, उगेश सहानी, बृजेश कुमार, सुदर्शन प्रसाद, आदि शामिल रहे।