रतनपुरा ब्लाक मुख्यालय पर सोमवार की बजाय मंगलवार की शाम महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य पर शिवशक्ति सेवा समिति की तरफ से शिवबारात निकाली गई। इसके बाद देर शाम नेहरू इंटर कॉलेज के प्रागंण में सामुहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पांच जोड़े परिणय सूत्र में बंधे।
महापर्व शिवरात्रि के अवसर पर हर वर्ष की भांति शिव शक्ति सेवा समिति की तरफ से शिव बारात निकाली जाती है। साथ ही सामुहिक विवाह का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। समिति के सदस्य मनोज कुमार ने बताया कि इस बार सोमवार को उदया तिथि न होने के कारण मंगलवार को महापर्व मनाया गया। इस दौरान रतनपुरा बाजार के काली मंदिर से शिव बारात निकाली गई। जो नगर के मुख्य बाजारों तथा मार्गो से होते हुए नेहरू इंटर कॉलेज प्रागंण पहुंचकर समाप्त हुई। यहां पूरे विधि विधान से भगवान शंकर तथा पार्वती का विवाह कार्यक्रम के उपलक्ष्य में सामुहिक विवाह का आयोजन किया गया। शिव बारात निकाले जाने के दौरान पूरा बाजार हर हर महादेव के उदघोष से गूँज उठा था। वहीं कॉलेज प्रागंण में देर शाम सामुहिक विवाह के आयोजन में मंगल गीत और धुनों पर लोग थिरकते नजर आए। सामुहिक विवाह में मेउड़ी गांव निवासी अमन पुत्र लल्लन तथा बलिया जिले के कोटवारी गांव निवासी सीमा राजभर के साथ गुलौरी गांव निवासी प्रद्मुमन पुत्र लालचंद्र की शादी खुशबू पुत्री लालचंद्र से, कन्हैया राजभर पुत्र नंदजी की शादी भुसुडी गांव निवासी पुनीता राजभर पुत्री जयराम से, कृष्णा मद्धेशिया पुत्र भरत मद्धेशिया का विवाह मधु पुत्री रमेश और राजा राजभर का विवाह आरती राजभर के संग संपन्न हुआ। इस दौरान समिति की तरफ से सभी वैवाहिक जोड़ों को यथा संभव उपहार के रुप में सामान दिए गए। विवाह के दौरान भी हर हर महादेव का गूंज होता रहा।