घोसी। सर्वोदय महाविद्यालय घोसी के पास स्थित इफ्को किसान सेवा केन्द्र के सामने किसानों ने शनिवार को यूरिया खाद के वितरण में देरी को लेकर नेशनल हाईवे को आधे घंटे तक जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पाकर पहुंची घोसी कोतवाली पुलिस ने सही तरीके से यूरिया वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित कराई, तब जाकर किसानों ने जाम को समाप्त किया। हालांकि इसके चलते राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी।
घोसी क्षेत्र में काफी दिनों से यूरिया खाद समितियों सहित अन्य खाद केन्द्रों पर नहीं होने से किसान आये दिन चक्कर लगाकर चले जा रहे थे। शनिवार को जैसे ही घोसी नगर के दक्षिणी छोर स्थित किसान इफ्को सेवा केन्द्र पर 100 टन यूरिया खाद पहुंची। किसान यूरिया खाद के लिए लाइन में लग गये, परन्तु द्वितीय शनिवार होने के चलते खाद के वितरण में देर होने लगी तो किसानों को लगा कि अब यूरिया खाद का वितरण नहीं होगा। जिससे आक्रोशित किसानों ने इफ्को किसान सेवा के सामने नेशनल हाईवे को जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर घोसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वितरण केंद्र के प्रभारी से यूरिया वितरण शुरू करने को कहा। इसके बाद विक्रय केंद्र से यूरिया का वितरण शुरू किया गया। तब किसानों ने जाम समाप्त कर दिया और कतारबद्ध होकर यूरिया मिलने का इंतजार करने लगे। इसके बाद दिनभर यूरिया का वितरण सुचारु रूप से किया गया। इस संबंध में इफ्को किसान सेवा केन्द्र के प्रभारी श्रीनिवास सिंह ने बताया कि 100 मीट्रिक टन यूरिया केन्द्र पर आई है। इसमें से 400 बोरी यूरिया केंद्र पर आए। यूरिया को गोदाम में रखने के बाद ही वितरण किया जाना था, इसके कारण यूरिया वितरण में थोड़ी देरी हुई। जिसको बाद में कर्मचारियों को लगाकर किसानों को उनके आधार कार्ड के आधार पर वितरित की गई।