दोहरीघाट। उपजिलाधिकारी घोसी सीएल सोनकर ने शनिवार को दोहरीघाट ब्लाक मुख्यालय पर मौजूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में मिली गंदगी को देखकर एसडीएम भड़क गए। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर फैजान को फटकार लगाई। साथ ही आदेश दिया कि वो जल्द से जल्द गंदगी को दूर करें।
अस्पताल पहुंचेते ही एसडीएम ने सबसे पहले कर्मचारियों के उपस्थिति पंजिका को कब्जे में लिया। हस्ताक्षर करने वाले सारे कर्मचारी मौके पर उपस्थित मिले। इसके बाद एसडीएम ने महिला वार्ड, इमरजेंसी वार्ड, दवाई वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष सहित सभी वार्डो का निरीक्षण किया। यहां कमियां मिलने पर उसे दुरूस्त कराने का आदेश प्रभारी चिकित्साधिकारी को दिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में मिले कूड़ें के ढेर का जल्द से जल्द निस्तारण कराने के लिए प्रभारी चिकित्साधिकारी को दिया। बोले जहां उपचार होना वहां गंदगी से मरीजों को क्या लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान अस्पताल कर्मचारी सुरेंद्र यादव,सचिन श्रीवास्तव, भूपेश,वीरेंद्र यादव,प्रतिमा राय, चन्द्रमा राय सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।