तहसील क्षेत्र के अमिला रेलवे मैदान में बाजार के ठेकेदार कुंदन पुत्र राजेंद्र ने एसडीएम को शनिवार को शिकायती पत्र सौंपा। सौंपे गए पत्र में बाजार का टेंडर होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से रेलवे मैदान में बाजार लगवा कर बाधा डालने का आरोप लगाया। शनिवार की शाम एसडीएम के निर्देश पर रेलवे के अधिकारियों व नायब तहसीलदार ने बाजार में पहुंचकर मुआयना किया। जिसमें शिकायतकर्ता की शिकायत सही निकली। जिसकी रिपोर्ट बनाकर एसडीएम को सौंप दिया।
अमिला निवासी कुदंन पुत्र राजेंद्र ने सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि रेलवे की जमीन पर कई वर्षों से सप्ताह में दो दिन बाजार लगाया जाता है। इस वर्ष भी प्रार्थी को रेलवे द्वारा बाजार लगाने का ठेका मिला है। लेकिन कोतवाली क्षेत्र के ही चिरैय डाड गांव के कुछ लोग अपने लाभ के लिए थोडी दूर स्थित ठाकुर रामजानकी मंदिर के प्रांगण में बाजार लगा कर तहबाजारी वसूल रहे हैं। शिकायत पर शनिवार की शाम नायब तहसीलदार सर्वेश सिंह और मऊ रेलवे के इंजीनियर एके श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। इस दौरान अधिकारियों को कुछ लोगों द्वारा बाजार में ही थोड़ी दूर स्थित राम जानकी मंदिर के प्रांगण में बाजार लगवाते देखा गया। जिस पर टीम ने जब उनसे बाजार परमिशन संबंधित अनुमति मांगी, लेकिन उनके द्वारा अनुमति नहीं दिखा सके। अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट बनाकर एसडीएम को सौंप दिया। इस बावत एसडीएम डॉ. सीएल सोनकर ने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच कराया था, लेकिन अभी तक उनके पास जांच रिपोर्ट नहीं आई है। लेकिन बाजार के लिए यदि अनुमति नही ली गई है तो संबंधित पर सख्त कार्रवाई होगी।