घोसी। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत घोसी तहसील क्षेत्र के दो ग्राम पंचायतों में उपजिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने सोमवार को गांवों में बनाए जा रहे शौचालयों की निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों गांवों में शौचालय निर्माण की गति बेहद धीमी होने पर प्रधान और सेक्रेटरी को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने समय सीमा से पूर्व शौचालय बनवाने का निर्देश दिया और चेताया यदि एक सप्ताह के अंदर शौचालय निर्माण में सुधार नहीं किया गया, तो प्रधान के साथ संबंधित कर्मचारी दंडित किये जाएंगे।
सोमवार को उपजिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार तहसील के रामपुर जगरनाथ गांव पहुंचे। वहां एसडीएम ने विकास कार्यों की जानकारी लिया। साथ ही बन रहे शौचालय के अधूरे पाये जाने पर प्रधान एवं सेक्रेटरी को जमकर फटकार लगाया। एसडीएम को पता चला कि रामपुर चकजगरनाथ में 75 शौचालय स्वीकृत किए गए हैं, जिनके निर्माण के लिए धन भेजा जा चुका है। इसके बावजूद वर्तमान में केवल 40 शौचालय ही बनवाए गए हैं, जबकि 35 शौचालय अधूरे हैं। यही हाल ग्राम पंचायत खनतिया में भी रही। खनतिया में स्वीकृत किए गए 100 शौचालयों में से मात्र 60 शौचालय ही पूरे किए गए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने ग्राम पंचायत सचिवों और ग्राम प्रधान को अधूरे शौचालय निर्माण एक सप्ताह के अंदर पूरा कराने का निर्देश दिया। निर्माण कार्य पूरा न होने पर डीएम को रिपोर्ट भेज कार्रवाई करने का संस्तुति ले कर दंडनात्मक कार्रवाई की जाएगी।