मधुबन (मऊ)। थाना क्षेत्र के मधुबन बेल्थरा मार्ग पर स्थित रौजा के पास मंगलवार की दोपहर बाइक और आटो के भिड़ंत में बाइक सवार समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि दो घायलों का मामूली चोटें आने पर इलाज कर वापस घर भेज दिया गया।
मधुबन थाना क्षेत्र के पांती गांव निवासी मिट्ठुलाल (20) पुत्र बीरन अपनी बाइक से कटघरा होते हुए बेल्थरा रोड की ओर किसी कार्य से जा रहा था। दूसरी तरफ आटो चालक सवारी लेकर फतेहपुर से मधुबन की तरफ आ रहा था। इसी बीच बाइक और आटो में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार मिट्ठूलाल और आटो में सवार दुबारी के टमठा निवासी अख्तर (45) और रफुद (43) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को सामुुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया ।