रतनपुरा। ब्लाक मुख्यालय रतनपुरा-सेमराजपुर मार्ग पर परिवहन निगम की बस न चलने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुविधा के अभाव में समय से पहुंचना मुश्किल हो जा रहा है। रोडवेज बस न चलने से निजी सवारी वाहन संचालकों की चांदी कट रही है। वह लोगों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। लोगों ने निगम के आला अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा गया बावजूद आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हो सका है।
रतनपुरा बिलौझा-सेमराजपुर होते हुए बेल्थरा रोड जाने के लिए रोडवेज बस का संचालन न होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार लगभग एक दशक पूर्व गाजीपुर मऊ वाया रतनपुरा बिलौझा सेमराजपुर होते हुए बेल्थरा रोड तक रोडवेज बस चलती थी, जो सुबह बेल्थरा रोड चल कर गाजीपुर तक जाती थी और शाम को वापस बेल्थरा रोड आकर रूक जाती थी। इससे क्षेत्र के बड़ागांव, छिछोर, बिलासपुर, मलपुर, सेमराजपुर, भीमहर, तरवाडीह, बिभौली सहित दर्जनों गांवो के लोगों को तहसील, जिला मुख्यालय जाने में आसानी होती थी।
विभाग की तरफ से बस सेवा बंद कर देने से तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।आवागमन की सुविधा न होने से लोगों को घंटों प्रतीक्षा करना पड़ता है। रोडवेज बस न चलने की वजह से निजी वाहन चालक मनमाना किराया वसूलते हैं। आए दिन यात्रियों व सवारी वाहन संचालकों से तूतू-मैंमैं होती रहती है। इस संबंध में क्षेत्र के बसीर अहमद, चंद्रशेखर सिंह, हरेंद्र सिंह, विजय शंकर, इलियास, हरिनाथ प्रसाद, सुदामा यादव का कहना है कि परिवहन निगम के अधिकारियों तथा निजी वाहन संचालकों की मिलीभगत के चलते रोडवेज बस का संचालन बंद कर दिया गया है। रोडवेज बस न चलने से जान जोखिम में डालकर गंतव्य तक यात्रा करनी पड़ रही है। रोडवेज बस का संचालन शुरू नहीं किया गया तो लोगों का गुस्सा कभी भी फूट सकता है।