रतनपुरा। ब्लाक के पिंडोहरी गांव के मझौआं पुरवे में सालों से सड़क मार्ग ना बनने पर नाराज ग्रामीणों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाते हुए मंगलवार को गांव में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एक घंटे तक विरोध जताते हुए सड़क ना बनने पर 19 मई को लोकसभा चुनाव में मतदान ना करने की चेतावनी दी
मंगलवार की सुबह करीब दस बजे रतनपुरा ब्लाक के पिंडोहरी गांव के मझौआं पुरवे के सैकड़ों लोग पुरवे के कच्चे मार्ग पर पहुंचे। ग्रामीणों ने सड़क नहीं तो वोट नहीं का नारा लगाते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि सालों से पुरवे में आवागमन के लिए पक्की सड़क नहीं बनाई जा सकी है। ग्रामीण अशोक कुमार गौतम, रामविलास, सुधीर कुमार, विद्यावती देवी, शांति देवी, गुजिया देवी, अरविंद राम, विमलेश कुमार आदि ने बताया कि सड़क बनाने की मांग को लेकर कई बार ब्लाक से लेकर जिले के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। यहीं नहीं कई बार जनप्रतिनिधियों को इससे अवगत कराया। लेकिन सड़क का निर्माण नहीं हो सका। कहा कि अब हम लोगों ने ठाना है कि सड़क का निर्माण ना होने की स्थिति में 19 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे।