मऊ। अल्पसंख्यक बालिकाओं की शिक्षा के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से उठाए गए कदम में अब राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के परिसर में अत्याधुनिक छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए राजकीय बालिका इंटर कालेज को चयनित किया गया है। कालेज के प्रांगण में 100 छात्राओं के रहने की सुविधा होगी।
अल्पसंख्यक महिला छात्रावास के निर्माण के लिए शासन से दो करोड़ रुपया स्वीकृत किया गया है। साथ ही एक करोड़ रुपये की टोकन मनी की राशि काम शुरू करने के लिए जारी भी कर दिया गया है। इसके निर्माण के लिए वक्फ विकास बोर्ड को कार्यदायी संस्था नियुक्त किया गया है। इस छात्रावास के बनाने का उद्देश्य उन अल्पसंख्यक छात्राओं को ध्यान में रखकर किया जा रहा जो विद्यालय दूर होने के कारण चाहकर भी जिला मुख्यालय आकर अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाती हैं। इस निर्माण से अल्पसंख्यक वर्ग की छात्राओं के लिए शिक्षा ग्रहण करना आसान होगा। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी लालमन यादव ने बताया कि इस छात्रावास में 100 छात्राओं को रहने की व्यवस्था होगी। ये छात्रावास केवल अल्पसंख्यक बालिकाओं को आवंटित किए जाएंगे। जिले के 10 मदरसों में 17 स्मार्ट क्लास विकसित किए जाएंगे।