मऊ। 19 से 23 नवंबर तक वाराणसी सिटी और वाराणसी कैंट के मध्य दोहरीकरण के कार्य के चलते डीएमयू सहित पांच ट्रेनों का रूट डायवर्ट कर दिया गया है। जबकि 23 नवंबर तक कृषक एक्सप्रेस को मऊ से लखनऊ के बीच संचालित की जाएगी। मंगलवार को स्टेशन पर आने वाली कई ट्रेनों का डायवर्जन होने से ट्रेनें स्टेशन नहीं पहुंची। जिससे यात्री परेशान रहे।
दोहरीकरण के चलते इलाहाबाद से मऊ आने वाली डीएमयू 75106 मंडुआडीह से वापस इलाहाबाद लौट गई। वहीं 55123 भटनी- मंडुआडीह पैसेंजर औड़ीहार तक चली और वहीं से भटनी के लिए रवाना हुई। इसी तरह 55163 मऊ-औड़ीहार पैसेंजर औड़ीहार के बजाए शाहगंज तक गई। उधर अप और डाउन छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस 23 नवंबर तक निरस्त कर दी गई। रेलवे सूत्रों की माने तो 21 से 23 नवंबर तक बापूधाम एक्सप्रेस को भी कैसिंल किया जा सकता है। मंगलवार को डीएमयू, छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस न आने से यात्रियों को काफी फजीहत उठानी पड़ी। इसबीच कई यात्री घंटों इंतजार के बाद बस या दूसरे निजी वाहन से गंतव्य को रवाना हुए।
स्टेशन अधीक्षक ददनराम ने बताया कि कि 19 से 23 नवंबर तक वाराणसी सिटी से वाराणसी कैंट के मध्य दोहरीकरण कार्य के चलते कई ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं। यात्रियों की जानकारी के लिए स्टेशपर प्रसारण करवाया जा रहा है।