मधुबन/मझवारा। थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के समीप सोमवार की रात आठ बजे एक बाइक सवार अचानक सामने आए एक पशु को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर गिरकर घायल हो गया। घायल को फतहपुर मंडाव सीएचसी केंद्र में भर्ती कराया। मधुबन थाना क्षेत्र के कटघराशंकर निवासी छोटेलाल साहनी (27) पुत्र झींगुर सोमवार की शाम किसी काम से बेल्थरारोड गया हुआ था। जहां देर रात वापस लौटते दौरान डुमरी गांव के पास पशु को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे पलट गई। जिससे सवार छोटेलाल घायल हो गया।
वहीं मझवारा संवाददाता के अनुसार घोसी कोतवाली क्षेत्र के आदमपुर गांव के पास मंगलवार की सुबह लगभग 11 बजे तेज गति से जा रहे ट्रैक्टर ने साइकिल सवार को टक्कर मार दिया। ग्रामीणों ने घायल व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। घोसी क्षेत्र के मूंगमास निवासी श्रीकृष्ण(52) पुत्र बरसाती साइकिल से अखबार बांटकर घर लौट रहा था। इसी बीच आदमपुर गांव के पास तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पीड़ित के परिजनों ने ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध तहरीर दिया है।