घोसी। संघर्ष समिति के सदस्यों ने इंदारा-दोहरीघाट रेल मार्ग के आमान परिवर्तन कार्य को जल्द शुरू कराने और रेल बस को चलाए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। साथ ही प्रधानमंत्री को संबोधित छह सूत्री मांग पत्र धरना स्थल पर आए तहसीलदार को सौंपा।
ब्लॉक प्रमुख एवं सपा नेता सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र के साथ प्रदेश सरकार विकास के नाम पर केवल लोगों को छलने काम किया है। इंदारा-दोहरीघाट रेल मार्ग पर चल रही रेलगाड़ी को बंद करके रेल बस चलाया गया और अब उसे बंद करके घोसी के लोगों को आमान परिवर्तन के नाम पर छला जा रहा है। ऐसी सरकार नहीं चाहिए बल्कि हमें ऐसी सरकार चाहिए जो वर्तमान में रोजगार में और बढ़ोत्तरी करे। जनहित में इस रेल बस को पुन: संचालित किया जाए। जब तक आमान परिवर्तन का कार्य शुरु नहीं हो जाता है तब तक रेल बस को ही चलाया जाए। घोसी संघर्ष समिति के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि घोसी क्षेत्र के बुनकरों, व्यापारियों सहित अन्य लोगों की समस्याओं को देखते हुए जल्द से जल्द डीजल रेल बस को चलाया जाए। अन्यथा व्यापक रूप से आंदोलन किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य अवधेश कुमार बागी, शकील पांडेय ने कहा कि जब वर्तमान सरकार के मंत्री ने शिलान्यास किया तो लोगों के अंदर विकास की एक आस जगी थी परंतु आज कई वर्ष बीत जाने के बाद भी आमान परिवर्तन का कार्य नहीं किया गया। जिससे लोगों के अंदर आक्रोश पनपता जा रहा है।यदि जनहित में रेलबस को चालू नहीं किया गया तो इंदारा में सभी ट्रेनों को रोकने का भी कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में शायर सलमान घोसवी,तारिक ने अपने कलाम से लोगों को जागरूक किया। धरने को पूर्वप्रमुख जयहिंदयादव, किसान नेता हिसामुद्दीन, नौसाद,जियाउद्दीन,आकिब सिद्दीकी ,शकील, बद्रीतिवारी, विवेक राय,शायर सलमान, तारिक घोसवी,अनिल मिश्रा आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान राजेश निषाद, अंसार खान, जफरुल इस्लाम आदि रहे। अध्यक्षता समाजसेवी राजेश जायसवाल एवं शिक्षक सुदशर्ञन कुमार ने किया ।