कोपागंज। ब्लाक क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर गांव में गत तीन वर्ष पूर्व जल निगम की तरफ से लाखों की लागत से बना ओवरहेड टैंक चालू नहीं किया जा सका है। इसके चलते लोगों को शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है। प्रदूषित पानी के सेवन से लोग विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी सुनवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को ग्राम प्रधान अल्ताफ अहमद के नेतृत्व में विभाग के विरु द्ध प्रदर्शन किया। 15 दिनों के अंदर ओवरहेड टैंक चालू नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा।
कोपागंज ब्लाक क्षेत्र के कुर्थीजाफरपुर गांव में गत तीन वर्ष पूर्व जल निगम की तरफ से लाखों की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया गया। लेकिन अभी तक चालू नहीं किया जा सका है। ओवरहेड टैंक के चालू न होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। पेयजल समस्या का निस्तारण न होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को ग्रामप्रधान डॉ. अल्ताफ अहमद के नेतृत्व में ओवरहेड टैंक के पास खड़े होकर प्रदर्शन किया। साथ ही जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ओवरहेड टैंक को चालू कराने के लिए कई बार ब्लाक के अधिकारियों से लेकर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया लेकिन केवल आश्वासन देकर मामले से पल्ला झाड़ लिया जा रहा है। गर्मी शुरू होते ही अभी से क्षेत्र की अधिकतर बस्तियों में पीने के पानी की समस्या उत्पन्न होने लगी है। प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि अगर 15 दिनों के अंदर जिला प्रशासन की तरफ से पेयजल समस्या का निस्तारण नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रधान प्रतिनिधि राशिद कमाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुमताज अहमद, प्रमोद सिंह, पवन, रशीद अहमद, मोहम्मद फैयाज, लालू, पंकज, मनोज वर्मा आदि रहे।