मऊ। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गुरुवार को हुई सड़क दुर्घटना की दो घटनाओं में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हुई। तीनों युवक ट्रक की चपेट में आकर अपनी जान गंवाए। मरने वालों में दो युवक आपस में ममेरे और फुफेरे भाई थे। डाला छठ की तैयारी के दौरान हुई मौत से तीनों के घर पर जहां कोहराम मचा, वहीं आसपास के लोग भी घटना से गमगीन थे।
दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के दशईपोखरा के पास गुरुवार की सुबह नौ बजे के करीब अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आकर मरा युवक अवधेश सिंह 32 आजमगढ़ जिले के मुुबारकपुर थाना क्षेत्र के ओझवली गांव का निवासी था। दुर्घटना के समय युवक मऊ से घर वापस लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक दशई पोखरा के सामने पहुंची, सामने से आ रहें ट्रक ने धक्का मार दिया। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक ट्रक के पिछलेे चक्के की चपेट में आ गया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़ फरार हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी। साथ ही ट्रक को थाने लाकर सीज कर दिया। पुलिस के सूचना देने पर युवक के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते चलें कि मृत अवधेश की मौसी का घर मऊ में है। उसके मौसेरे भाई की तबियत खराब चल रही है। सूचना मिलने पर युवक मौसेरे भाई को देखने के लिए बुधवार को मऊ आया था। रात को मौसी के घर रुकने के बाद गुरुवार को छठ पर्व के अवसर पर अपने घर वापस लौट रहा था।
कोपागंज संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के डाड़ी चट्टी स्थित विद्युत उपकेंद्र के सामने गुरुवार की दोपहर दो बजे के करीब अनियंत्रिम पल्सर बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हुई। मृत युवकों में दीपक कुमार 18 पुत्र धर्मेंद्र उर्फ पप्पू कोपागंज थाना क्षेत्र के सोड़सर गांव का तथा दूसरा सूरज 18 पुत्र सुरेंद्र गोंड सरायलखंसी थाना क्षेत्र के कटरा गांव का निवासी था। सूरज दीपक का ममेरा भाई था। दोनों बाइक मैकेनिक थे। बढुआ गोदाम स्थित एक दुकान पर दोनों साथ-साथ काम सीखते थे। गुरुवार को सूरज बाइक से कोपागंज के सोड़सर गांव स्थित दीपक के घर आया। उसे लेकर वह वापस मुख्यालय लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक डाड़ी विद्युत उपकेंद्र के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक ट्रक के पीछले चक्के की चपेट में आ गए। परिणामस्वरुप दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दीपक तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। साथ ही एक बहन भी है। युवकों की मौत की सूचना मिलने पर दोनों के घर पर कोहराम मच गया था। मुहल्ले और आसपास के लोग भी घटना से मर्माहत थे। पुलिस मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।