मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक क्षेत्र के मड़हा गांव निवासी रामरतन निषाद सहित 137 ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर पूर्व प्रधान पर शौचालय निर्माण को लेकर बीस लाख रुपये के दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। जिलाधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ ही शौचालय निर्माण कराने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में ग्रामीणों ने सूचित किया है कि उनका गांव वर्ष 2015 के पहले पूर्ववर्ती सरकार की ओर से लोहिया ग्राम विकास योजना के अंतर्गत चयनित किया गया था। जिसमें पात्र लोगों को शौचालय निर्माण के लिए शासन से धन दिया गया। तत्कालीन ग्राम प्रधान दिनेश मौर्य और ग्राम विकास अधिकारी तथा एडीओ पंचायत की मिलीभगत से कागजात में हेराफेरी कर दो सौ लोगों को बिना शौचालय बनवाए ,पैसा निकाल लिया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जिले स्तरीय कमेटी बनाकर मामले की जांच कराए जाने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।