पिछले हफ्ते हुए लगातार बारिश के चलते जिले के विभिन्न ब्लाकों में कई जर्जर मकानों के गिर जाने के चलते लोगों को खुले आसमान में रहना पड़ रहा है। घर मेें रखे गृहस्थी के सामान नष्ट होने से लोगों को एक-एक दिन काटना मुश्किल हो रहा है। इसके बाद भी पीड़ित परिवारों की प्रशासन ने सुधि नहीं लिया है।
बारिश के चलते जिले के रानीपुर, घोसी, मुहम्मदाबादगोहना, फतहपुर मंडाव, परदहां सहित विभिन्न ब्लाक क्षेत्रों में कई गरीबों के कच्चे मकान गिर गए। काफी दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन की तरफ से राहत देना तो दूर ऐसे लोगों की सुधि लेने की जहमत तक नहीं उठाई जा सकी है। हालत यह है कि लोगों को खुले आसमान में जीवन यापन करना पड़ रहा है। मकान में गृहस्थी के सामान नष्ट होने से पूरे परिवार का मजदूरी करनी पड़ रही है।
रानीपुर : बरसात के चलते क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में कई गरीबों का मकान गिर जाने के चलते लोगों को प्रशासनिक सहायता न मिलने से परेशानी हो रही। पीड़ित पलिया गांव निवासी पुल्लु, दशबारी गांव निवासी गुड्डू का कहना है कि मकान गिर जाने के चलते खुले आसमान में रहना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी मामले पर विचार करने की जहमत तक नहीं उठाई जा सकी है। दोहरीघाट : कस्बा में फूलमती तथा जैनुल का मकान गिर गया, लेकिन अभी तक प्रशासन की तरफ से सहायता राशि नहीं मिली है। यही हाल अन्य ब्लाकों का है।
इस बाबत उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबादगोहना सुरेंद्रनाथ मिश्रा का कहना है राजस्वकर्मियों से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के अनुसार पीड़ित परिवारों के खाते में धन भेज दिया जाएगा।