क्षेत्र का कुशमौर-महराबंधा मार्ग गड्ढ़े में तब्दील हो गया है। सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने के चलते यात्रा करना भारी पड़ रहा है। दो वर्ष पूर्व लाखों की लागत से बनी सड़क गड्ढ़े में तब्दील हो गई है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग के आला अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा, लेकिन अभी तक सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया जा सका है। इससे लोगोें में खासी नाराजगी है।
कुशमौर-महराबंधा प्रमुख मार्ग होने के चलते क्षेत्र के ओन्हाइच, गोडी़ की मठिया, बाबा का पुरा,अहिलाद, महराबंधा, कुशमौर, पखईपुर सहित विभिन्न गांवों के लोगों का आना जाना लगा रहता है। सड़क गड्ढे में तब्दील हो जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लाखों की लागत से सड़क बनने के दो वर्ष बाद ही सड़क टूटने लगी है। इस संबंध में क्षेत्र के हीरा राम, संजय सिंह, भानू सिंह, ध्रुव मौर्य, लव गुप्ता, दीनदयाल मौर्य, गिरीश बर्नवाल, सुबोध सिंह का कहना है कि कहा कि सड़क का निर्माण होने के दो वर्ष बाद ही सड़क गड्ढ़े में तब्दील हो गई है। सड़क खराब होने से लोगों के चुटहिल होने की संख्या लगातार बढ़ रही है। सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र नहीं शुरू कराया गया तो हम लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विरेंद्र चौधरी का कहना है कि सड़क मरम्मत कराने के लिए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी किया जाएगा। मरम्मत न कराने की स्थिति में मामले की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।