मऊ। जिले में पीईटी परीक्षा के लिए चल रही तैयारी सोमवार को पूरी हो गई। अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रानिक डिवाइस सहित कोई भी नकल सामग्री ले जाना आसान नहीं होगा। केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रानिक डिवाइस सहित नकल सामग्री लेकर जाना प्रतिबंधित किया गया है। शासन की तरफ से परीक्षा को नकल विहिन संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। अभ्यर्थियों को इससे होकर गुजरने के बाद ही परीक्षा केंद्र के भीतर प्रवेश दिया जाएगा।
जिला प्रशासन की तरफ से सोमवार को सभी केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। मंगलवार को 38 केंद्रों पर पीईटी की परीक्षा दो पालियों में होगी। इसके लिए डीएम और एडीएम नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। इसके साथ जिला प्रबंधक परीक्षा की भी तैनाती की गई है। जिले में 38 केंद्रों पर 17600 अ भ्यर्थी शामिल होंगे। सोमवार को परीक्षा केंद्रों पर सीटिंग प्लान लगाने में शिक्षक व्यस्त नजर आए।
पीईटी परीक्षा को नकल विहीन परीक्षा के संपन्न कराने के लिए नगर के डीएवी इंटर कालेज, मुस्लिम इंटर कालेज, तालीमुद्दीन इंटर कालेज, डीसीएसके पीजी काजेल सहित 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने केलिए शासन की तरफ से प्रत्येक परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे, इससे अभ्यर्थी को मेटल डिटेक्टर से होकर गुजर कर परीक्षा केंद्र जाना होगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट, एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा एजेंसी के नोडल की तैनाती रहेगी। इसके साथ ही जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल तथा अपर जिलाधिकारी केहरि सिंह नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। जो परीक्षा केंद्रों पर पूरे समय नजर रखेंगे।
संतगणिनाथ राजकीय पीजी कालेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जगदेव को जिला प्रबंधक परीक्षा बनाया गया है। परीक्षा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके साथ ही परीक्षा के दिन यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए भी कई स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। पीईटी की परीक्षा में 17600 अभ्यार्थी शामिल होंगे। उधर जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने पीईटी परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के क्रम में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समस्त केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों, स्टेटिक मजिस्ट्रेट सहित समस्त अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक को संबोधित करते हुए अमित सिंह बंसल ने कहा कि पीईटी परीक्षा मेें जितने भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है वह गुणत्तपूर्वक इसमें कार्य करेंगे। पीईटी की परीक्षा मे कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन या किसी अन्य प्रकार की कोई डिवाइस लेकर न जाने पाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद, जिला प्रबधंध परीक्षा डॉ. जगदेव आदि शामिल रहे।
200 मीटर की फोटो स्टेट की दुकानें रहेंगी बंद
मऊ। जिले के 38 केंद्रों पर होने वाली पीईटी परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। अपर जिलाधिकारी के हरि सिंह ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में आने वाले फोटो स्टेट, प्रिंटिंग प्रेस की दुकानें बंद रहेंगी। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास लाउडस्पीकर तथा डीजे पर भी पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। इसका उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।