मऊ। यूपी बोर्ड परीक्षा में द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा हुई। शासन की तरफ से सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने का फरमान बेअसर साबित हो रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने एक दर्जन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। डीआईओएस ने बालकृष्ण इंटर कालेज बखरिया देवारा में दो दिन पहले तक का सीसीटीवी फुटेज केंद्र व्यवस्थापक नहीं दिखा पाए। इसके अलावा व्यापक पैमाने पर अनियमितता पकड़ी। परीक्षा केंद्र को डिबार करने की संस्तुति बोर्ड को भेजी है।
यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिले में 157 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के लिए लगवाए गए सीसीटीवी के बाद भी नकलमाफिया अपने हिसाब से नकल कराते मिले। द्वितीय पाली में इंटर अंग्रेजी की परीक्षा हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. केसी भारती ने बालकृष्ण इंटर कालेज बखरिया देवारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण में अनुपस्थित परीक्षार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं की संख्या नहीं मिल पाई। सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित नहीं रखा पाया। जिस कक्ष में प्रश्नपत्र रखा गया था वहां का भी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित नहीं मिला था। सीटिंग प्लान में भारी गड़बड़ी मिली थी। अनियमित तरीके से कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। डीआईओएस ने परीक्षा केंद्र को डिबार करने के लिए बोर्ड को संस्तुति भेजी है। इसी क्रम मेें सुुुुभागी देवी इंटर कालेज का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सीटिंग प्लान में अनियमितता मिली। संत कबीर इंटर कालेज मधुबन, चतुरी शाह इंटर कालेज मधुबन, अवधेश स्मृति इंटर कालेज रइसा में सीटिंग प्लान में गड़बड़ी पकड़ी। डीआईओएस डॉ. केसी भारती का कहना है कि बालकृष्ण इंटर कालेज बखरिया देवारा में व्यापक पैमाने पर अनियमितता मिली है। परीक्षा केंद्र को डिबार करने के लिए बोर्ड को संस्तुति भेज दी गई है।