मऊ। सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों में अध्ययनरत 12वीं की परीक्षा जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। परीक्षा केंद्रों के गेट पर परीक्षार्थियों की तलाशी ली गई। पहले दिन अंग्रेजी प्रश्नपत्र रहा। परीक्षा में 2300 परीक्षार्थी शामिल हुए। इस मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
सीबीएसई से संबद्ध कालेजों में अध्ययनरत 10वीं तथा 12वीं के छात्रों की परीक्षा के लिए जिले में केंद्रीय विद्यालय, लिटिल फ्लावर स्कूल, सैक्रेड हार्ट स्कूल मुहम्मदबादगोहना, अमृत पब्लिक स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में 2300 परीक्षार्थी शामिल हुए। पहले दिन 12वीं का अंग्रेजी प्रश्नपत्र रहा। इसके लिए गेट पर ही छात्र छात्राओं की तलाशी लेने के लिए महिला पुरुष शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी। तलाशी के बाद सीटिंग प्लान देखने के लिए 15 मिनट का समय दिया गया। नकलचियों पर नजर रखने के लिए दो सचल दस्ता का गठन किया गया था। पेपर अच्छा होने के चलते छात्रों के चेहरे पर आत्मविश्वास झलक रहा था। परीक्षा केंद्र से बाहर आने के बाद प्रश्रपत्र को लेकर शिक्षकों और सहपाठियों से काफी देर तक चर्चा करते रहे। पेपर अच्छा होने के चलते परीक्षा देकर बाहर निकल रहे कई छात्र चहकते देखे गए। इस संबंध में अभिषेक कुमार, सुनील सिंह का कहना था कि पेपर काफी अच्छा रहा। 85 से 90 प्रतिशत के बीच अंक मिल सकता है। इस बाबत सीबीएसई के जिला कोआर्डिनेटर पीएल जैसी का कहना था कि नकलविहीन परीक्षा को हर हाल में संपन्न कराया जाएगा।