परदहां ब्लाक के सरयां रघुनाथपुर गांव में सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र पर नारी सशक्तिकरण संकल्प अभियान के तहत गोष्ठी का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा से लेकर राजनीति और देश के विकास में महिलाएं सक्रिय हैं।
मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी छोटे लाल तिवारी ने कहा कि आज महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में पुरुषों से आगे हैं। ट्रेन चलाने से लेकर हवाई जहाज उड़ाने तक महिलाएं बढ़चढ़ कर भागीदारी कर रहीं हैं। कहीं शिक्षिकाएं बनकर बच्चों को ज्ञान दे रही हैं तो कहीं स्वास्थ्य कर्मी बनकर बच्चों व बड़ों के स्वास्थ्य के प्रति सेवा कार्य कर रहीं हैं। कहा कि समाज की कुरीति खुले में शौच से मुक्त करने में महिलाओं की अहम भूमिका है। सभी महिलाएं शौचालयों का प्रयोग करें।
डॉ. नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं के लिए उज्जवला योजना का लाभ, जनधन योजना, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, खुले में शौच मुक्त योजना, विधवा पेंशन, विवाह पंजीकरण योजना आदि चलाई हुई है। रेनू पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में दिए गए प्रशिक्षण के आधार पर ही गांव-गांव जाकर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाए और महिला सशक्तीकरण की सफलता के लिए प्रयास किया जाए।
इस दौरान परदहां के सलहाबाद और अहिलाद गांव में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सरयां गांव में कार्यक्रम में ग्राम प्रधान उमाकांत यादव, गोपाल शरण पांडेय, विभा सिंह, राहुल सिंह राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।