उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं की बैठक शनिवार को नगर अलाउद्दीनपुरा स्थित संगठन के कार्यालय पर हुई। संगठन के जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने कहा कि रेलवे के उदासीन रवैए से जिले के विकास पूरी तरह अवरुद्ध है। कहा कि इंदारा से दोहरीघाट रेल लाइन के आमान परिवर्तन दोहरीकरण तथा विद्युतीकरण कराने की मांग व्यापार मंडल काफी पहले से करता रहा है।
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने इंदारा रेलवे स्टेशन पर लगभग दो साल पहले आमान परिवर्तन करने के कार्य का शिलान्यास किया था परंतु आज तक उस पर काम नहीं शुरू हुआ। इधर 15 दिन पहले घोसी में भूमि पूजन आदि का काम शुरू हुआ तो आमजन तथा पूरे जनपद के लोगों को लगा कि अब तो आमान परिवर्तन का कार्य शुरू हो जाएगा परंतु अभी तक इंदारा दोहरीघाट आमान परिवर्तन का काम नहीं शुरू होने के कारण आमजन में निराशा की भावना व्याप्त है। कहा कि मऊ नगर में भी कोतवाली के पास रेलवे ओवरब्रिज पर रेलवे क्रॉसिंग, ओवरब्रिज बनाने के लिए बहुत जोर शोर से पैमाइश आदि का काम शुरू हुआ। वह भी ठंडे बस्ते में चला गया। टर्मिनल आदि का भी निर्माण कार्य बीच में ही रोक दिया गया। उन्होंने प्रदेश तथा केंद्र सरकार से सभी कामों को अविलंब शुरू किया जाए। बैठक में आनंद ओमर, शिव कुमार जायसवाल, ओंकार नाथ गुप्ता, अभय तिवारी, मुश्ताक अहमद, लाल बिहारी गुप्ता, स्वतंत्र कुमार साहू, डॉ. वीरेंद्र गुप्ता, जगदीश प्रसाद गुप्ता, धर्म सिंह, प्रह्लाद गुप्ता आदि उपस्थित थे।